सोमवार, 13 अप्रैल 2015

मानवता का संदेश देता है – धर्म

 धर्म का अर्थ है- मानव को मानवता का संदेश देता है वह है धर्म। जब धर्म के कारण मानव में मानवता न रह जाए, प्रेम न रह जाए, तो मेरी मान्यता अनुसार उस धर्म की संज्ञा बदल देनी चाहिए।आज राजनीति के कारण समाज में जातिवाद को बढ़ावा मिल रहा है, जातिवाद के कारण आपस में बैर बढ़ रहा है, प्रेम का अभाव खटक रहा है। इसी प्रकार धर्म भी अनेक मतांतरों के कारण अपनी राह से विचलित होता नजर आ रहा है। हमें नहीं चाहिए ऐसी राजनीति और नहीं चाहिए ऐसे धर्म, जो मानव को जीने का मार्ग न दे सकें।पहले अल्प विकास के कारण मानव, मानव का दुश्मन था, लेकिन ध्यान देने योग्य बात यह है कि आज के विकासशील व  इन्टरनेट के युग में भी मानव पहले से भी कहीं अधिक भयावह स्थिति समाज में पैदा कर रहा है। मैं तो सभी बुद्धिजीवियों से कहना चाहूंगा कि आज युग बदल गया है, रहन-सहन बदल गया है। ओर मानव के आवास, भोजन, वस्त्र, बोलचाल, यातायात के साधन बदल चुके हैं, तो आपको भी बदलना होगा। राजनीति और धर्मनीति में भी बदलाव करना होगा। जो व्यक्ति अपने राष्ट्र, धर्म व संस्कृति पर गर्व करता है वह मानवीयता के करीब भी होगा। अफसोस, आज कई धार्मिक संस्थाओं की स्थिति राजनीतिक पार्टियों की तरह हो गई है। जिस प्रकार हर पार्टी को बहुमत की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार धार्मिक-संस्थाओं की स्थिति हो गई है। धार्मिक संस्थाओ मे पद के लिए  चुनाव के समय  तरह तरह के प्रलोभन व पार्टीयो का आयोजन हो रहा है  अब पार्टियो मे शराब, डांस ओर भी अनेतिक कार्य हो रहे है ! धर्म कर्मक्षेत्र में स्वतंत्रता की छूट तो देता है, लेकिन स्वच्छंदता की नहीं। हम नियमों में न बंधकर स्वच्छंद हो गए हैं। यही हमारे दुख का कारण है। हम विचारों से, चरित्र से दिन-प्रतिदिन गिरते जा रहे हैं। ध्यान रहे, महात्मा गांधी भी कहते थे कि मेरी मां जैसी भी हैं, वह सबसे अच्छी हैं। जब यह भाव होगा-तब व्यक्ति जीवन के हर क्रियाकलाप को गौरवान्वित होकर करेगा। उसे अपनी भाषा, अपने परिवार, समाज और राष्ट्र पर गर्व होगा। धर्म जीवन रूपांतरण की एक प्रक्रिया है। ‘गीता में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन  से कहते हैं कि हे अर्जुन  रक्षित किया हुआ धर्म ही रक्षा करता है।’ अपना धर्म, अपनी संस्कृति, अपना परिवार, अपने माता-पिता चाहे, कैसे भी हों, वे श्रेष्ठ होते हैं। वे सदैव आदर योग्य होते हैं। इसलिए अब तो कोई ऐसा मजहब चलाया जाए कि इंसान को इंसान बनाया जाए। हम इंसान न बन सकें, कोई बात नहीं, लेकिन दानव न  भी बने !

रविवार, 12 अप्रैल 2015

व्यक्तित्व विकास एवं भावनात्मक कुशाग्रता

शिक्षित व्यक्ति गूढ़ विषय को साधारण बना लेता है, जबकि अन्य लोग सामान्य धटना को गूढ़ बना देतें है। मानव का सामान्य बने रहना आसान नही है। सहज होने के लिए जीवन के विविध आयामों में संतुलन और सामंजस्य जरूरी है। भावना सामाजिक जीवन की आवश्यकता है। लोग  धन की प्राप्ति के लिए अपना स्वास्थ्य गवांते है और स्वास्थ्य की सुरक्षा में धन गवां देते हैं। इसलिये धन, पद, प्रतिष्ठा, सफलता और प्रसन्नता के लिये भविष्य की चिंतन करते समय वर्तमान में भी जीना सीखें। कुछ लोग इस प्रकार जीवन व्यतीत करतें हैं, मानो वे अमर हों और कुछ ऐसे मृत्यु को प्राप्त होतें है मानो उन्होंने जीवन जिया ही नहीं। कुछ लोग बाल्यावस्था से युवावस्था को प्राप्त करने हेतु प्रयासरत रहतें है, और कुछ  पुनः बचपन को प्राप्त करने हेतु इच्छुक होने लगते हैं।विकास की दौड़ में सफलता तनाव पैदा कर रही है। स्वास्थ्य, मानसिक शांति और प्रसन्नता के आभाव में मात्र भौतिक उपलब्धता  सच्ची सफलता नहीं है।जीवन कैसे अर्थपूर्ण हो , जीवन में संतुष्टी हो, आनंद का प्रवाह हो। व्यक्तिगत सफलता और व्यावसायिक सफलता दोनों के बारे में हमारा अपना भ्रम संयुक्त रूप से दोषी है। व्यावसायिक जगत के लिए हर हालत में लाभ ध्येय होता है। जबकि जीवन का ध्येय आनंद (मोक्ष) प्राप्त करने में है। अतः सच्ची सफलता प्राप्त करना होगा, मात्र भौतिक उपलब्धियाँ हमें शांति प्रसन्नता नहीं प्रदान कर सकती है। इसके लिए एकाग्र चित्त होना होता है। संकल्प शक्ति बढ़ानी होती है। जब खाना खाएं तो केवल खाना खाएं, जब काम करें तो केवल काम करें। और जब प्रार्थना करें तो केवल प्रार्थना करें !हम सब कुछ तुरंत पाना चाहते है, बिना अथक प्रयास किये एवं ऊर्जा के। सफलता के मुख्य तत्व प्रेम, दया, और मानवता का भाव ही हो सकता है। अतः अपनापन दें, पूर्ण ज्ञान प्राप्त करें। अपना पथ प्रदर्शक चुनेँ और ईश्वर से भले की प्रार्थना करें।  सही समय पर सही कदम सही तरीके से उठाने पर सफलता हाथ लगती है। केवल कठोर परिश्रम करने से ही अच्छा परिणाम नहीं मिलता। जीवन का प्रबंधन, विशिष्टता बनाये रखना एवं समय का समेकित प्रबंधन सहज चेतना से सहज रूप में करने से ही सफलता ख़ुशी के साथ प्राप्त होती है

शनिवार, 11 अप्रैल 2015

मुश्किल है हिन्दी में लेखन क्यू ?

आज जबकि समस्त विश्व उपभोक्ता संस्कृति का समर्थक है तो भला महानगरों का साहित्यकार कैसे पीछे रह सकता है। आज का आम साहित्यकार भी एक अच्छा-खासा व्यापारी है। वह लिखने से पहले बाजार अध्ययन   करता है, नीति बनाता है फिर वह वही परोसता है जिसकी बाजार में खपत है।प्रकाशक भी वही छापता है जो गरमागरम कबाब की तरह बिकता है। अच्छा खासा गठबंधन है। लेखन अब जन्मजात नहीं है। वह तकनीकी है। वह सामाजिक नहीं, बाजारी शक्ति बन चला है। अच्छा और ईमानदार साहित्य लिखा जा रहा है, पर वह मुश्किल से मिलता है। अच्छा साहित्य मिले भी तो क्यों मिले उसकी रीडरशिप कहां है?और यूं भी हिन्दी की रीडरशिप तो अब उंगलियों पर गिनी जा सकती है। सस्ती पत्रिकाओं और टेबलॉयड को छोड़ दीजिए। वह तो साहित्य के नाम पर कचरा है। अधिकांश हिन्दी लेखक भी हिन्दी पुस्तकें कम पढ़ते हैं और यदि सच कहूं तो हिन्दी लेखक भी अँग्रेजी ही पढ़ता है, क्योंकि अँग्रेजी  की खबरें ज्यादा विश्वसनीय होती हैं और वे पहले छपती हैं और किताबें भी मौलिक होती हैं, चुराने के लिए काफी आइडियाज होते हैं।वैसे यह अतिशयोक्ति नहीं है, अधिकांश अच्छी और उच्चकोटि की हिन्दी की पुस्तकें अब पुस्तकालयों तक ही सीमित रह गई हैं। सरकारी खरीददारी यानी गोदाम में पड़ा माल- क्या भविष्य है ऐसी रचनाओं का? अभी प्रगति मैदान में सजे पुस्तक मेले को देखा। देखने वाले अधिक थे, खरीदने वाले बहुत कम। अँग्रेजी सेक्शन में फिर भी किताबें बिक रही थीं। हिन्दी सेक्शन में लेखकों या लेखक बनने के आतुरों की आवाजाही थी।वैसे भी हमारी सभ्यता में पुस्तकें खरीदकर पढ़ने का चलन नहीं है। मांगकर पढ़ने का है या पढ़ने का ही नहीं है। आज घरों में आदमी के रहने की जगह नहीं है तो पुस्तक कहां रखेंगे। इस महंगाई के जमाने में रद्दी में बेचने के लिए दो-ढाई सौ रुपए की पुस्तकें कौन खरीदेगा? अँग्रेजी पढ़ने वाला जरा पैसे वाला है। वह ड्राइंग रूम में अपनी प्रतिष्ठा के लिए, शौक के लिए पुस्तकें रखता है। वह भी सिर्फ अँग्रेजी  की। जिससे कोई आगंतुक भी आकार देखे तो एक रुबाव पड़े !बाजार में हिन्दी की किताबें बिकें या न बिकें, प्रकाशक को इससे कोई मतलब नहीं है। प्रकाशक दाम ऐसे ऊंचे रखते हैं कि जनता खरीद ही न सके, क्योंकि जो हजार-बारह सौ किताबें वे छापते हैं, वे सरकारी खाते में जाती हैं। फिर वे बिक्री बढ़ाने का प्रयास क्यों करें? किताबें पढ़ी जाएं या नहीं, यह उनका सिरदर्द नहीं है।विद्यार्थी भी अब हिन्दी पुस्तकें नहीं पढ़ता है। उसके पास समय कहां है? वह नोट्स पढ़ लेता है। गहन अध्ययन की आवश्यकता कहां रही? समय ही कहां है? और नहीं तो इंटरनेट जिंदाबाद! उसको और भी बहुत से राजनीति से जुड़े गुंडागर्दी के काम करने हैं। गंभीर लेखक की बड़ी समस्याएं हैं। लेखक अपनी ऊर्जा और सोच को सही दिशा नहीं दे पा रहा है। वह अँग्रेजी से प्रतियोगिता करता रहता है। अँग्रेजी  का वर्चस्व उसकी मातृभाषा की लेखनी को दबाता चला जा रहा है। उसकी अपनी सोच रही कहां? अपनी सोच पर उसे भरोसा ही कहां है? उसका तो वैश्वीकरण हो गया।मौलिक सोच होगी तो वह पिछड़ा हुआ होगा। उसे तो दमित इच्छाओं, सेक्स, दलित और दूसरे देशों के नैतिक पतन के बारे में लिखना है। नहीं तो उसका लेखन सीमित हो जाएगा। यदि वह ईमानदारी से सच लिखता है तो उसका पत्ता साफ! विदेशी साहित्य को पढ़ना होगा, इसलिए नहीं कि उससे ज्ञानवर्धन होगा, इसलिए कि उसकी सोच से अपनी सोच को प्रकाशित करना होगा। यानी अपने देश को, संस्कृति को, मूल्यों को, संबंधों को, चिंताओं को उनके यानी विदेशी लेखकों के दृष्टिकोण से देखना होगा, तभी तो हमारी साहित्यिक प्रतिभा निखरेगी और तभी हमें सम्मान मिलेगा, अवॉर्ड मिलेगा।आजकल साहित्यिक सम्मान भी एक अच्छा-खासा इश्यू बन गया है। सम्मान और अवॉर्ड की भीड़ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए किसी खेमे से जुड़ना होगा या किसी गॉड फादर, बिग ब्रदर के शरणं गच्छामि होना होगा।अरे भई लेखकों के सामने बड़ी विपत्तियां हैं। वस्तुतः जब हम प्रवास में बैठकर साहित्य का सृजन करते हैं तो हम यह नहीं सोचते कि हमारा पाठक भारतीय होगा अथवा विदेशी। हम अपने दृष्टिकोण, अपने अनुभव और परिवेश से प्रेरित होकर लिखते हैं। संभवतः आत्मसुख के लिए अपनी पीड़ा उकेरते हैं। विदेशों में लिखा जा रहा हिन्दी साहित्य अपने अस्तित्व और अपनी अस्मिता को बचाए रखने के संघर्ष का साहित्य है।परदेस में लिखे जाने वाले साहित्य का दृष्टिकोण और साहित्यकार की भावनाएं भारत में लिखे जाने वाले साहित्य और परिभाषा से भिन्न होगी। आज इंग्लैंड, अमेरिका, फिजी, त्रिनिदाद, मॉरीशस और सूरीनाम जैसे देशों में भी हिन्दी साहित्य का सृजन हो रहा है, उसे भारत की मुख्य धारा से जोड़ने की आवश्यकता है। प्रवासी हिन्दी लेखक के पास भारत के व्यापक समुदाय तक पहुँचने के न तो प्रकाशीय साधन हैं और न ही उसे प्रचारित-प्रसारित करने के बाजारी समीक्षात्मक साधन।विदेशों में बैठा हिन्दी का लेखक एक सिपाही है जो अपनी व्यस्तता और विरोधी शक्तियों से लड़ते हुए भी हिन्दी की मशाल जलाए हुए है पर है वह हाशिए पर ही। यूं भारत से बाहर हिन्दी साहित्यकार जहां एक ओर अपनी परंपरा और संस्कार लिए हुए हैं, वहीं उनके पास पश्चिम से प्राप्त आधुनिकता बोध भी है। यह मिश्रण उनके साहित्य को तो विशिष्ट अवश्य बनाता है पर उसे भारत में चल रही साहित्यिक गतिविधियों से जोड़ नहीं पाता है। इसलिए वह भारत की मुख्य धारा से नहीं जुड़ पाता है।वैसे आजकल लंदन में भी एकाध ऐसी संस्था चालू हो गई है, जो भारत के लेखकों, साहित्यकारों आदि को विशेष सम्मान और पुरस्कार आदि देकर अपनी उपस्थिति को विश्वव्यापी बनाने की बेतहाशा कोशिश कर रही है। सम्मान और मान्यता के लिए दुम हिलाने वालों की लाइन लंबी होती जा रही है। क्या ऐसी व्यापारिक मानसिकता से ग्रसित लेखक कोई कालजयी रचना कर सकता है?
उत्तम जैन (विद्रोही )


शुक्रवार, 10 अप्रैल 2015

हिंदी भाषा का महत्व पूछने की नहीं वरन देखने की जरूरत

हिंदी को लेकर जितनी उछलकूल दिखती है उतनी वास्तविकता जमीन पर नहीं है।कुछ ही दिनो पूर्व मुझे मेरे आदर्श व मेरे प्रेरणा स्त्रोत गणपत भंसाली जी के कारण मुझे वेदप्रताप वेदिही जी से मिलने का मोका मिला ! वे हिन्दी के कट्टर समर्थक है !  उनके वक्तव्य से हिन्दी भाषा का महत्व सुना ! मुझे स्वयं हिन्दी मे लिखना,पढ़ना अच्छा लगता है ! पर मेरे बच्चे इसके  अपवाद है जिन्हे हिन्दी  का ज्ञान नही के बराबर है ! इंटरनेट पर लोगों का हिन्दी मे रुझान बढ़ गया है,  लोग हिन्दी विषय पर लिखने या बोलने के लिये किताबों से अधिक इंटरनेट पर सामग्री ढूंढने में अधिक सुविधाजनक स्थिति अनुभव करने लगे हैं।  मूलतः पहले विद्वान तथा युवा वर्ग किसी विषय पर बोलने या लिखने के लिये किताब ढूंढते थे। इसके लिये लाइब्रेरी या फिर किसी किताब की दुकान पर जाने के अलावा उनके पास अन्य कोई चारा नहीं था।  इंटरनेट के आने के बाद बहुत समय तक लोगों का  हिन्दी के विषय को लेकर यह भ्रम था कि यहां हिन्दी पर लिखा हुआ मिल ही नहीं सकता।  अब जब लोगों को हिन्दी विषय पर लिखा सहजता से मिलने लगा है तो वह किताबों से अधिक यहां अपने विषय से संबंधित सामग्री ढूंढने  लगे हैं।  कम से कम एक बात तय है  कि हिन्दी अब इंटरनेट पर अपने पांव फैलाने लगी है।हिन्दी के महत्व को जानने की जरूरत उस व्यक्ति को कतई नहीं है जिसका वर्तमान तथा भावी सरोकार इस देश से रहने वाला है।  जिनकी आंखें यहां है पर दृष्टि अमेरिका की तरफ है, जिसका दिमाग यहां है पर सोचता कनाडा के बारे में है और जिसका दिल यहा है परं धड़कता इंग्लैंड के लिये है, उसे हिन्दी का महत्व जानने की जरूरत नहीं है क्योंकि इस भाषा से उसे वहां कोई सम्मान या प्रेम नहीं मिलने वाला।  जिनकी आवश्यकतायें देशी हैं उन्हें बताने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि वह जानते हैं कि इस देश में रहने के लिये हिन्दी का कार्यसाधक ज्ञान होना आवश्यक है।  भाषा का संबंध भूमि और भावना से होता है। भूमि और भावना का संबंध भूगोल से होता है। भाषाओं का निर्माण मनुष्य से नहीं वरन् भूमि और भावना से होता है। मनुष्य तो अपनी आवश्यकता के लिये भाषा का उपयोग करता है जिससे वह प्रचलन में बढ़ती है।    जिन लोगों में मन में हिन्दी और इंग्लिश का संयुक्त मोह है वह अँग्रेजी का विस्तार करने के आधिकारिक प्रयासों में लगे हैं। इसमें दो प्रकार के लोग हैं। एक तो वह युवा वर्ग तथा उसके पालक जो चाहते हैं कि उनके बच्चे विदेश में जाकर रोजगार करें।  दूसरे वह लोग जिनके पास आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक शक्तियां हैं तथा वह इधर तथा उधर दोनों तरफ अपना वर्चस्व स्थापित करने की दृष्टि से भारत में स्थित  मानव श्रम का उपयोग अपने लिये करना चाहता है।  एक तीसरा वर्ग भी है जो किराये पर बौद्धिक चिंत्तन करता है और वह चाहता है कि भारत से कुछ मनुष्य विदेश जाते रहें ताकि देश का बोझ हल्का हो और उनके बौद्धिक कौशल का  विदेश में सम्मान हो।  हिन्दी रोजगार की भाषा नहीं बन पायी न बनेगी।  हिन्दी लेखकों को दोयम दर्जे का माना जाता है और इसमें कोई सुधार होना संभव भी नही लगता।     एक बेकार धारावाहिक या फिल्म देखने से अच्छा यह लगता है कि उतने समय कोई लेख लिखा जाये।  हिन्दी हमारे जैसे योग तथा ज्ञान साधकों के लिये अध्यात्म की भाषा है। हम यहां लिखने का पूरा आनंद लेते हैं। पाठक उसका कितना आनंद उठाते हैं यह उनकी समस्या है।  ऐसे  फोकटिया लेखक है जो अपना साढ़े सात सौ रुपया इंटरनेट पर केवल इसलिये खर्च करता है कि उसके पास मनोरंजन का का दूसरा साधन नहीं है।  यह हमारी निराशा नहीं बल्कि अनुभव से निकला निष्कर्ष है। सीधी बात कहें तो हिन्दी का रोजगार की दृष्टि से कोई महत्व नहीं है अलबत्ता अध्यात्मिक दृष्टि से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसी भाषा का ही महत्व रहने वाला है। सच कहें तो कभी कभी तो लगता है कि हम हिंदी में इसलिये लिख पढ़े रहे हैं क्योंकि अंग्रेजी हमारे समझ में नहीं आती। हम हिंदी में लिख पढ़ते भी इसलिये भी है ताकि जैसा लेखक ने लिखा है वैसा ही समझ में आये।  इनमें तो कई ऐसे हैं जिनकी हिंदी तो  गड़बड़ है साथ  ही  इंग्लिश भी कोई बहुत अच्छी  नहीं है।

निष्पक्ष मीडिया व उसकी अनिवार्यता-

एक लोकतान्त्रिक देश में लोकतंत्र के चार प्रमुख  स्तम्भ कहे गए हैं, जो इस तरह  हैं- कार्यपालिका, न्यायपालिका, विधायिका तथा “मीडिया.” यदि लोकतंत्र की चारो शक्तियां एक ही राग अलापने लगें तो राष्ट्र उन्नति नहीं कर सकता, इसीलिए “शक्तियों के पृथीकरण  के सिद्धान्त” को राज्य की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलने के लिए तथा शक्तियों के परस्पर समन्वय के लिए प्रायः व्याख्यायित किया जाता है. इस सिद्धांत के अनुसार राज्य की तीनो शक्तियों को अलग-अलग तथा समान स्वतंत्रता प्रदान की जाती हैं जिससे कि यदि शासक भी निरंकुश होना चाहे तो उस पर लगाम कसा जा सके. दुर्भाग्य से भारत के सभी स्तम्भ सरकार के गुणगान में व्यस्त है, ऑर अपने धर्म पालन से दूर नजर आ रहे है ! व्यक्तिवादी मीडिया का होना गणतंत्र के हित में नहीं होता है, एक कुशल शासक को अपने गुणगान सुन कर निरंकुश होने में देर नहीं लगती, मीडिया का काम सरकार की नीतियों पे खुल कर बहस करने का है, क्या गलत है क्या सही है इस पर मंथन करने का काम है न कि राजनीतिक नेताओ  के गुणगान का ! लोकतन्त्र से पहले चाटूत्कारिता के लिए पहले राजा-महाराजा लोग दरबारी कवि रखते थे, रखें भी भला क्यों न भारत का विनाश जो करना था पर आज मामला उल्टा है. दरबारी कवि का काम मीडिया कर रही है. सिर्फ मीडिया ही नहीं इंटरनेट, ब्लॉग. फेसबुक, ट्विटर के महारथियों ने अकेले जिम्मेदारी उठाई है  वाह मेरे  भारतीय वीरों. साहित्यकारों को क्या कहा जाए उनका तो धर्म ही है, “जिसका खाना-उसका गाना”. निस्पक्ष पत्रकारिता की कमी खलती है. ऐसे पत्रकार हाशिये पर क्यों हैं जिनकी कलम सच्चाई की जुबान बोलती है. कोई युग द्रष्टा पत्रकार या साहित्यकार मिलता क्यों नहीं, कलम वही है जो यथार्थ लिखे, किसी की प्रशंसा करे तो अनुशंसा भी करे. किसी की कमियां देखकर आँख मूँद लेना तो पक्षपात है व एक पत्रकारिता के साथ अन्याय भी ! भारत जैसे लोकतान्त्रिक देश में देश की प्रगति और विकास के लिए राज्य के सभी स्तम्भों का समन्वयन जरूरी है, ईमानदारी जरूरी है. यदि ईमानदारी नहीं तो विकास नहीं. सरकार की उपलब्धियों की प्रशंसा न करके यदि मीडिया सरकार का ध्यान उन क्षेत्रों की तरफ ले जाए जहाँ आज भी गरीबी-भुखमरी और लाचारी है किस्मत को कोसें, सरकार को या अपने पूर्वजों को जिनकी वजह से आज भी गरीबी से उबार नहीं पा रहे. गरीब, गरीब क्यों है? कहीं न कहीं वजह ये भी है की उसे अमीर होने का मौका ही नहीं मिला. एक गरीब अपना पेट भर ले वही बहुत है हसीन सपने देखने की उसकी औकात कहाँ? या तो सरकार अंधी है या निचले तबके को देश का हिस्सा नहीं मानती. वोट लेने का काम बस नेताओं का है पर इनके उत्थान के लिए किसी को फुर्सत नहीं है. हो भी भला क्यों न गरीबी की कुछ तो सजा भुगतनी पड़ती है.एक निवेदन आप सबसे है कि निष्पक्ष लिखें, मीडिया से अनुरोध है की आप बेशक सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुचाएं पर जनता को ना भूल जाएँ. एक तबका आज भी है जो न हिन्दू है न मुसलमान है, न सिख है और न ईसाई है वो बस गरीब है, हाँ यही उसकी एक मात्र जाति है. स्वतन्त्रता  से लेकर अब तक देश ने लम्बा सफर तय किया है पर इस सफर में हमारे कुछ साथी हमसे बहुत पीछे छूट गए हैं, उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाने की कोशिश तो कीजिये. जिन्होंने अपना सब कुछ इस देश के लिए कुर्बान किया, भारतीयता के लिए लड़े उनके स्वप्न में आज का गरीब भारत तो नहीं था  उनके शहादत को बेकार जाने न दिया जाए तो बेहतर होगा अन्यथा कृतघ्नता का बोझ हमे जीने नहीं देगा.निष्पक्ष व निडर रूप से मीडिया को कर्तव्य का निर्वहन करना होगा  ! 
10/04/2015