बुधवार, 29 अप्रैल 2015

समाज को महिला के प्रति सोच बदलने की जरूरत


आधुनिक युग की महिलाएं समाज से अपने लिए देवी का संबोधन नहीं मांगती हैं। स्त्रियों को देवी समझा जाए या नहीं लेकिन कम से कम उन्हें मानव की श्रेणी से नीचे न गिराया जाए। हजारों साल पहले महिलाओं की स्थिति पुरुषों से कहीं कमतर नहीं थी। लेकिन कुछ ऐतिहासिक कारणों से वे नीचे धंसती चली गईं।
 आज यह पूरे समाज का दायित्व है कि वह नारी को बराबरी का स्थान दें। अब इसको कोई नारी मुक्ति का नाम दे या नारी शक्तिकरण का, उससे कोई विशेष अंतर नहीं पड़ता। नारी और पुरुष एक दूसरे के शत्रु नहीं हैं बल्कि पूरक हैं। कहा भी गया है शिव शक्ति के बिना शव के समान हैं। राधा के बिना कृष्ण आधा हैं। नारियों की समस्या केवल उनकी समस्या नहीं है।
 यह पूरे समाज की समस्या है। या यूं कहिए सामाजिक समस्या का एक अंग है। साफ है कि नारी की स्थिति में बदलाव लाने के लिए पूरे सामाजिक ढांचे एवं सोच में बदलाव लाना जरूरी है। नारी को अग्रिम पंक्ति मे स्थान दे देने से या नारी समाज को हर जगह आरक्षण या कोटा दे देने से कर्तव्य से मुक्त नही हो सकते ! आज भी महिलायें उतनी सुरक्षित और सम्मानित नहीं दिखतीं, जितने अधिकार और अवसर उन्हें संविधान प्रदत हैं। वह पीड़ित, प्रताड़ित, भयभीत है और अपने अस्तित्व को लेकर आशंकित भी। हमारे देश की स्थिति स्त्री को लेकर एकदम उलट रही। 
भारतीय मानस का अतीत सिद्धांत, स्वीकार्यता और मान्यता तीनों दृष्टि से स्त्री को श्रेष्ठ और सम्माननीय स्थान देता आया है। यहां स्त्रियों को अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए किसी संघर्ष आंदोलन की जरूरत ही नहीं पड़ी। दरअसल जो समस्या रही है,
वह व्यवहार की है। आज स्त्री की क्षमता को  कम अपितु उसके देहपिंड का आकर्षण अधिक हो गया है। स्थिति यह है कि वह घर, बाजार या कार्यस्थल सभी स्थानों पर मानसिक व शारीरिक हिंसा और प्रताड़ना झेलने को मजबूर है। हमे इस ओर ध्यान देना होगा 

मंगलवार, 28 अप्रैल 2015

पर्यावरण का करना ख्याल

एक वृक्ष दस पुत्रो के समान होता है, अतः अगर हम एक वृक्ष काटते है तो हमे दस मनुष्यों की हत्या का पाप लगता है। इसलिए हमने वायु प्रदान करने वाले वृक्ष को नही काटना चाहिए। जल, थल और आकाश मिलकर पर्यावरण को बनाते हैं। 
हमने अपनी सुविधा के लिए प्रकृति के इन वरदानों का दोहन किया, लेकिन भूल गए कि इसका क्या नतीजा होगा?
पर्यावरण विनाश के कुफलों से चिंतित  मनुष्य आज अपनी गलती सुधारने की कोशिश में है।  सृष्टि के निर्माण में प्रकृति की अहम भूमिका रही है। यहां हमने इतिहास के उन पन्नों को पलटने की कोशिश की है जिनके बारे में सुनने, पढ़ने या फिर सोचने के बाद शायद हमें समझ आ जाए। मे  आप का ध्यान उस दौर की और आकर्षित करना चाहता हु 
 जहां पर विशाल से विशाल जीवों ने प्रकृति के खिलाफ जाने की कोशिश की और अपना अश्तित्व ही खो दिया। देखा जाए तो सृष्टि का निर्माण प्रकृति के साथ ही हुआ है। इस दुनिया में सबसे पहले वनस्पितयां आई। जो जीवन का प्राथमिक भोजन बनी । उसके बाद अन्य जीवों ने अपनी जीवन प्रक्रिया शुरू की। माना जाता है कि मनुष्य की उत्पत्ति अन्य जानवरों के काफी समय बाद हुई है। 
अगर कहा जाए तो मनुष्य की उत्पत्ति के बाद से ही इस सृष्टि में आये दिन कोई न कोई बदलाव होते आ रहे हैं। मनुष्य ने अपने बुद्धी व विवेक के बल पर खुद को इतना विकसित कर लिया की और कोई भी जीव उससे ज्यादा विवेकशील नहीं है। यही कारण है कि दिन प्रतिदिन मनुष्य अपनी बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रकृति की कुछ अनमोल धरोहरों को भेंट चढ़ाता जा रहा है। प्रकृति का वह आवरण जिससे हम घिरे हुए हैं, पर्यावरण कहलाता है। आज वही पर्यावरण प्रदूषण की चरम सीमा पर पहुंच चुका है। हर कोई किसी न किसी प्रकार से पर्यावरण को प्रदूषित करने का काम कर रहा है। 
जहां कल कारखानें लोगों को रोजगार दे रहे हैं। वहीं जलवायु प्रदूषण में अहम भूमिका भी निभा रहे हैं। कारखानों से निकलने वाला धुंआ हवा में कार्बनडाई आक्साइड की मात्रा को बढ़ा देता है जो कि एक प्राण घातक गैस है। इस गैस की वातावरण में अधिक मात्रा होने के कारण सांस लेने में घुटन महसूस होने लगती है। चीन और अमेरिका जैसे कई विकसित देशों के वातावरण में गैसिए संतुलन विगड़ने से लोगों को गैस मास्क लगाकर घूमना पड़ता है। 
अभी अपने देश में यह नौबत नहीं आयी है। लेकिन इस बात से भी मुंह नहीं फेरा जा सकता कि आने वाले भविष्य में हम भी उन्हीं देशों की तरह शुद्ध हवा के लिए गैस मास्क लगा कर घूमते नजर आएंगे।
          वृक्षों को कटने से रोको,और जीवन बन जाये वरदान।
                  वृक्षों का रोपण कर, बन जाओ तुम सबसे महान।। 
                                  

सोमवार, 27 अप्रैल 2015

समाज मे फेली हुई बोझिल प्रथा

समाज में अनेक ऐसी सामाजिक कुरितियाँ प्रचलित हैं, जिनकी किसी भी दृष्टि से कुछ उपयोगिता नहीं है, फिर भी परंपरा और प्रचलन के कारण अनिवार्य आवश्यकता जैसी प्रतीत होती है। एक ओर विवेक कहता है, इन रूढि़यों को अपनाए रहने से हानि ही हानि है, दूसरी ओर हम उन्ही  मान्यताओ व उसी ढर्रे पर लुढ़कते रहने के लिए विवश   है। क्यू ? साहस हीन मनःस्थिति उसी पक्ष को स्वीकार करती है, जिस पर समाज के चंद लोग व  समीपवर्ती लोग चल रहे  हैं। औचित्य की उपेक्षा करके इन  प्रचलनों को गले से बाँधे रहने में समय, श्रम, बुद्धि और धन का अपव्यय होता रहता है।  सुखी जीवन और प्रगति की ओर चलने में इस अभावग्रस्त स्थिति के कारण भारी बाधा पड़ती है। विवाह शादियों के अवसर पर किए जाने वाले उत्सवों को औचित्य की दृष्टि से देखा जाए तो इसी निष्कर्ष पर पहुँचना पड़ता है कि इनमें समय, चिंतन एवं धन लगता है, वह एक प्रकार निरर्थक ही चला जाता है। विवाह एक घरेलू छोटा उत्सव है, 
जिसे दोनों परिवारों के लोग मिल-जुलकर हँसी -खुशी के वातावरण में आसानी से पूरा कर सकते हैं। यह कोई ऐसी अनहोनी बात नहीं , जिसके लिए इतनी धूमधाम या फिजूलखर्ची की आवश्यकता पड़े। संसार भर में विवाह होते हैं। वयस्क लड़की-लड़के गठबंधन में बँध जाते हैं। यह सृष्टि का एक सामान्य क्रम है। सभी गरीब-अमीर इसे अपने ढंग से संपन्न करते हैं। जिस दिन शादी होती  है, उस दिन थोड़ी खुशी भी मना लेते हैं। ये खुशी की उमंगें थोड़े समय में और थोड़े खर्च में पूरी कर ली जा सकती  हैं। यही उचित है और यही स्वाभाविक। विश्व के समस्त देशों, धर्मों और जातियों के विवाहोत्सवों का पर्यवेक्षण करके देखा जाए, तो उन्हें मात्र एक घरेलू छोटे उत्सव के रूप में संपन्न होता पाया जाएगा। अति घनिष्ठ लोग आशीर्वाद-उपहार देने के लिए जमा होते हैं। थोड़ा  गीत, संगीत ,वाद्य चलता है,वेसे आजकल तो बार बालाओ को बुलाने का प्रचलन  भी चल रहा है  हँसी-खुशी के हल्के से अन्य प्रदर्शन होते हैं, चाय-पानी चलता है, बधाई शुभ कामनाएँ व्यक्त की जाती हैं, पंडित  मंगल मंत्र बोलते हैं !अग्नि के सात फेरे होते है और बात समाप्त हो जाती है। कुछ लोगों का, कुछ घंटे का समय, कुछ ही रूपयों का खर्च, इतने भर से उत्सव का रूप बन जाता है। वर-वधू अपने घर चले जाते हैं। 
हिंदू समाज में विवाह की विचित्र प्रथाएँ हैं। रीति-रस्मों की चिह्न पूजा अपने आप में एक शास्त्र बन जाती है। इन रीति-रिवाजों के लिए जो वस्तुएँ खरीदी जाती हैं, वे फिर पीछे किसी काम नहीं आतीं। लाखो करोड़ो की साज सज्जा सिर्फ दिखावे के लिए की जाती है ! जो समय नष्ट हुआ, भगदड़ मची और सिर दर्द हुआ, उसकी भी कोई उपयोगिता समझी या समझाई नहीं जा सकती। छुट-पुट दो पाँच रिवाजें हों, तो उनका कुछ कारण भी खोजा या समझा जाए, पर जहाँ पूरा जाल जंजाल ही खड़ा हो, तो वहाँ यह पता चलाना भी कठिन है कि इसका क्या भावनात्मक और क्या प्रत्यक्ष परिणाम निकलेगा। रिवाज व  रस्म  इसका इतिहास, कारण, महत्व उपयोग आदि जानने की आवश्यकता ही नहीं समझी जाती  
अंधाधुंध अनावश्यक बेसिर-पैर की भगदड़ मचती रहती है। कोई यह नहीं पूछता है कि यह क्या किया जा रहा है और क्यों किया जा रहा है ? समय, श्रम, चिंतन एवं धन की इस बरबादी का आखिर कुछ उद्देश्य भी तो होना चाहिए। विवाह की शास्त्रीय परंपरा  पूरा करने में एक-दो घंटे पर्याप्त होने चाहिए मात्र रिवाजें ही नहीं, उन्मादियों की तरह उस अवसर पर जितना धन व्यय किया जता है, उससे तो घर का आर्थिक ढाँचा ही लड़खड़ा जाता है। लंबी दावतें, तरह-तरह के व्यंजन, बारात, गाजे-बाजे, आतिशबाजी, रोशनी,मेहमानदारी, भेंट-उपहार का खर्च सैकड़ों तक सीमित नहीं रहता, हजारों तक पहुँचता है। इसके बाद वर पक्ष की ओर से दहेज की माँग और कन्या पक्ष की ओर से लड़की के लिए कीमती जेवर, कपड़े की अपेक्षा का सिलसिला और भी मँहगा है। धूमधाम में जितना पैसा खर्च होता है, उससे कहीं अधिक एक ओर से दहेज और दूसरी ओर से जेवर की माँग में लगता है। बर्तन, कपड़े,फर्नीचर, शृंगार -प्रसाधन, मेवा-मिष्ठान आदि उपहारों का हिसाब जोड़ा जाए तो वे भी कम बोझिल नहीं होते । वेसे अमीरों के लिए तो बोझ का कोई अर्थ नही इस सब में मध्यम वर्गी दोनों पक्षों की कमर टूटती है, लड़की वाला तो एक प्रकार से तबाह ही हो जाता है। उसकी लड़की के लिए जो जेवर,कपड़े आए थे वे देखने भर के लिए संतोष देते हैं। बाद में तो वर-पक्ष के घर ही चले जाते हैं। वे माँगकर समय की शोभा कर सकते हैं या पीछे उन्हें बेच सकते हैं। नकदी और उपहार भी उन्हीं के घर पहुँचता है। यों जितना नकदी मिलती है, उसमें कहीं अधिक लड़के वाला को भी खर्च करना पड़ता है और कमर उनकी भी टूटती है। उपहार सामग्री तो एक कोने में कूड़े-करकट की तरह पड़ी हुई जगह घेरती रहती है। उसे बेचकर पैसा खड़ा करना भी संभव नहीं होता। गरीब लोग जब अमीरी का स्वाँग बनाते हैं और उस तमाशें के लिए अपनी आर्थिक बरबादी करके पूरे परिवार का भविष्य अंधकारमय बनाते हैं, तो दुष्परिणामों को देखते हुए यह उत्सव नितांत पागलपन जैसा सिद्ध होता है। इतना धन-स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यवसाय या समाज सेवा  आदि में लगाया गया होता, तो उसका सत्परिणाम सामने आता। कम से कम गुजारे का जो सामान्य क्रम चल रहा था, वह तो चलाता ही रहता। घर की सारी पूँजी चुका देने से भी खर्चीली शादियों का पूरा नहीं पड़ता। कई बार तो उसके लिए खेत, घर, जेवर आदि बेचना पड़ता है ओर बाहर से कर्ज लेना पड़ता है,
जिसकी ब्याज चुकाते-चुकाते ही जिंदगी बीत जाती है और  अगली पीढि़यों तक को चुकाना पड़ता है। एक ही लड़की की शादी में इतना खर्च पड़ जाता है कि शेष बच्चों की शिक्षा और शादियाँ समस्या बन जाती हैं । किसी को बड़ी बीमारी लग जाए, कारोबार में घाटा पड़ जाए, कोई आकस्मिक खर्च आ जाए तो हाथ-पैर फूल जाते हैं और कुछ करते-धरते नहीं बनता। आर्थिक संतुलन बिगड़ जाने पर परिवार भर की कैसी दुर्दशा होती है, उसकी सुव्यवस्था और प्रगति में किस प्रकार संकट उत्पन्न होती है, इसे भुक्तभोगी ही जानते हैं। अपने देश की अर्थ-व्यवस्था बिगाड़ने में खर्चीली शादियाँ एक बहुत बड़ा कारण है। हर गृहस्थ को जीवन में औसतन तीन बार शादियाँ और इतने ही खर्चीले मृतक भोज करने पड़ते हैं। इनमें जितना पैसा लुट जाता है, उतना यदि परिवार की प्रगति में, उद्योग व्यवसाय बढ़ाने में लगाया गया होता तो स्थिति कुछ से कुछ बन गई होती। अर्थ-व्यवस्था को चोपट करने वाली दो भयंकर कुरीतियाँ अपने समाज में है, एक खर्चीली शादियाँ, दूसरे किसी के मर जाने पर आयेाजित किया जाने वाला मृतक  भोज। इनकी पूर्ति के लिए सीमित आमदनी से काम नहीं चलता और कर्ज मिलना तथा उसका चुकाना कठिन दीखता है, तो मनुष्य अपने कामों में बेईमानी का समावेश करके अनुचित रीति से भी धन कमाने की बात सोचता है। कुछ लोग तो आदतन बेईमानी करते हैं, पर कुछ को इन कुरीतियों का पेट भरने के लिए विवश होना पड़ता है। इन कुरीतियों का भार वहन करते हुए हमें चरित्रनिष्ठा, अर्थ संतुलन औेर सामाजिक व्यवस्था बुरी तरह बरबाद करनी पड़ती है। विवाहों में होने वाले अपव्यय को जुटाने के लिए जो तरीके अपनाने पड़ते हैं, वे प्रायः अनुचित ही होते हैं। कर्ज लेना और फिर उसे न चुका सकना, मकान, जमीन, जेवर, बर्तन आदि बेच देना, बेईमानी करके पैसा कमाना यही तो अतिरिक्त आमदनी के स्त्रोत हो सकते हैं। इनके कारण मनुष्य अपना लोक, परलोक, धर्म, ईमान, यश, सम्मान सभी कुछ खो बैठता है और अपराधी जैसी दुर्गति भोगते हुए निकृष्ट जीवन अपनाने के लिए विवश होता है।
जो लोग इस प्रकार भी इस समस्या को सुलझा नहीं पाते उन्हें अयोग्य वरों के हाथों अपनी सुयोग्य कन्याएँ सौंपनी पड़ती हैं, जिससे उन बच्चियों का सारा जीवन दुःखमय बीतता है। कम दहेज दे सकने पर कितने ही लड़के वाले बहुओं को बुरी तरह सताते हैं ताकि कितनी ही घटनाएँ ऐसी भी होती रहती है कि एक बहू को अत्याचारों द्वारा या विष देकर या जलाकर मार डाला जाता है और लड़के का दूसरा विवाह करके फिर दहेज कमाया जाता है। अभिभावकों को चिंताग्रस्त देखकर कई भावुक लड़कियाँ आत्महत्याएँ कर बैठती हैं, घर छोड़कर भाग खड़ी होती हैं या आजीवन कुँवारी रह जाती हैं। असफल अभिभावकों का भी कई बार ऐसा दुखद अंत देखा जाता है कि उसका स्मरण मात्र करने से आँसू भर आते हैं । लाखें, करोड़ों अभिभावकों और बच्चे-बच्चियों को, इन कुरीतियों के कारण घुट-घुट कर जो अप्रत्यक्ष आत्म हत्याएँ करनी पड़ती हैं, उनका करूण चित्र कोई चित्रकार यदि खींच सके तो पता चले कि हिंदू समाज को भीतर से कितनी घुटन और पीड़ा घुन की तरह खाए जा रही है। कन्या और पुत्र में अंतर इस विवाह में होने वाले अपव्यय ने ही प्रस्तुत किया है लड़की की शिक्षा, दीक्षा, पालन-पोषण एवं मान सम्मान में इसलिए अंतर किया जाता है, क्योंकि वह विवाह की खर्चीली प्रथा के कारण घर के लिए भार या कंटक सिद्ध होती है। लड़कियाँ जिस उपेक्षा से पलती और शिक्षा से बंचित रहती हैं, उसे देखते हुए उनकी आधी हत्या हो जाती है। सुयोग्य कन्याओं को सुयोग्य पति प्राप्त करने से इसलिए वंचित रह जाना पड़ता है कि उनके अभिभावक सुयोग्य लड़कों द्वारा की गई दहेज की माँग पूरी नहीं कर सकते। इसके विपरीत अयोग्य कन्याएँ सुयोग्य लड़कों के गले केवल पैसे के बल पर आसानी से मढ़ दी जाती हैं। हम अपने इस समाज को सभ्य कहे हें या असभ्य ? विवेकशील कहें या अविववेकी ? यह पाठक स्वयं निश्चित करे यह समझ में नहीं आता। इतनी भयंकर कुरीतियों को जो समाज अपने से चिपकाकर बैठा है,हमारे धर्मगुरु साधू संत भी हमे बार बार इस कुरुती के खिलाफ इंगित करते है फिर भी हम  इतना  सहकर भी जिसे सुधार एवं परित्याग का साहस न होता हो, उस समाज को मे क्या उपाधि दु ! सभ्य समाज  की प्रगति के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकेंगे और अपना पिछड़ापन दूर कर सकेंगे माफ करे पिछड़ापन आर्थिक नही मानसिक ! इसकी आशा नहीं बँधती। अपने धर्म के प्रति सच्ची श्रद्धा रखने वालों की संख्या अब दिन-दिन घट रही है। इन कुरीतियों का शोधन करना हमारे जातीय जीवन की जीवन-मरण समस्या है। इस पर गंभीरतापूर्वक विचार करना होगा और यदि अपनी महान् संस्कृति को उपहासस्पद एवं घृणित होने से बचाना है, उसे मरणोन्मुख नहीं होने देना है तो हमें इसके लिए कुछ करना ही चाहिए। वैवाहिक अपव्यय जैसी सत्यानाशी कुरीतियों को काला मुँह करने के लिए तो बना एक क्षण भी प्रतीक्षा किए तत्काल कटिबद्ध होना चाहिए। कुरीतियों और अंध-विश्वासों के विरूद्ध हमें मोर्चा खड़ा करना चाहिए विशेष मेरे विचारो के अनुसार युवाओ को जागरूक होना जरूरी है  और जन-साधारण को समझाना चाहिए कि इन भ्रांतियों से ग्रसित होकर हमें कितनी नैतिक, आर्थिक और सामाजिक क्षति उठानी पड़ रही है । लाभ कुछ नहीं, हानि अपार हैं ! अपनी दृष्टि में मूर्खता और दूसरों की दृष्टि में पिछड़ेपन की निशानी सिद्ध होने वाली इन अवांछनीयताओं से जितनी जल्दी पिंड छुड़ाया जा सके, उतना ही हितकर है। विवेकशीलता की माँग है कि इन मूढ़ मान्यताओं केा साहसपूर्वक पूरी तरह बहिष्कृत ही कर दिया जाए। 



धर्म और राजनीति मे उलझा मानव

भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है। धर्मनिरपेक्षता का अर्थ राष्ट्र में सभी धर्मो के अनुयायियों को समान अवसर प्राप्त होता है। धार्मिक आधार पर न तो भेदभाव किया जाता है न ही किसी धर्म विशेष के अनुयायियों को विशेष सुविधा दिया जाता है। लेकिन यह कटु सत्य है कि भारत में आजादी के शुरूआत से ही धर्म एवं जाति के नाम पर सत्ता लोलुप राजनेता द्वारा राजनीति की जा रही है। धर्म और जाति के नाम के वायरस से इतना संक्रमण फेला दिया है की इस संक्रमण का इलाज तो अब किसी भी धर्म के देवी देवता या किसी डॉ से भी संभव हो सकता ! किसी भी धर्म का संबंध मानव मन के शुद्धिकरण से होता है, प्रेम की सर्वोच्चता सभी धर्मों में वर्णित है। वर्तमान समय में एवं भूतकाल में भी धर्मगुरूओं द्वारा स्वार्थ सिद्धि हेतु जो धर्म की व्याख्या एवं उपदेश दी जाती रही है, उससे प्रत्येक धर्म का मूल भाव का अस्तित्व ही आज खतरे में दिख रहा है!कोई भी धर्म धर्मगुरूओं की जागीर नहीं है, न तो राजनेताओं की पैतृक संपत्ति है। जिसे वे निज हित के लिए उपयोग करें। पता नहीं मानव इस बात को समझ क्यू नही रहा है ! भगवान महावीर व बुद्ध या किसी धर्म के संस्थापक या ग्रंथो मे दूसरे को कष्ट पहुँचाने वाले, किसी भी धर्म का सच्चा अनुयाई नही कहा गया है ! शासकीय नीति को स्वार्थी राजनेताओं ने धर्म से जोड़ा और अब इस पर राजनीति करते आए है ओर कर रहे हैं। धर्म के नाम पर आपस मे लड़ा कर फुट डालो राज करो वाली अंग्रेज़ो की रणनीति चल रहे है ! कभी आरक्षण का मुद्दा तो कभी मंदिर मस्जिद का मुद्दा कभी अन्य किसी मुद्दे पर अपने भाषणो से प्रभावित करके भोली भाली जनता को मोहरा बना कर वोट बैंक मजबूत करते है ! आज धार्मिक स्थल एवं पर्यटन स्थल में विशेष अंतर नहीं है। दोनों एक दूसरे का पर्याय बन चुका है। इससे विकसित करने के लिए आधार भूत सुविधाएँ तो चाहिए ही। वहाँ के निवासी इसे धर्म के साथ जोड़कर नहीं देखे तो अच्छा है। अगर धर्म के साथ जोड़कर देखते हैं तो उनको स्वेच्छा से श्रद्धालुओं की सेवा करना चाहिए, जो अच्छे मानव का कर्तव्य है। सरकार एवं राजनीतिक दलों को भी ऐसे मामले पर राजनीति नहीं करना चाहिए !!


शनिवार, 25 अप्रैल 2015

भूकंप एक प्रकृति का प्रलय



आज भूकंप से हुई तबाही ने समाज को फिर से एक चेतावनी दी है कि प्रकृति के साथ अच्छे संबंध स्थापित करना सीख लें अन्यथा प्रलय में उसके झूठे विकास का दंभ दफन हो जाएगा। मानव सभ्यता का स्थायी या दीर्घकालिक विकास प्रकृति के नियमों के साथ तालमेल बिठाकर ही किया जा सकता है। प्रकृति का अपना एक हिसाब-किताब है जिसकी अनदेखी कर किए जा रहे विकास हमें तबाही की ओर ही ले जाएंगे। इसके अनेक प्रमाण हमारे सामने हैं। गुजरात के कच्छ, महाराष्ट्र के लातूर और उत्तराखंड के चमोली में भूकंप से हुई तबाही हमारे लिए काफी नहीं थी, इसलिए हमने अपने विकास के रास्ते बदले नहीं हैं। तभी तो पाक अधिकृत कश्मीर और जम्मू-कश्मीर में लगभग 90 हजार लोग मारे गए। कई गांव नेस्त व नाबूद हो गए। पानी के झरने और स्रोतों में साफ और स्वच्छ पानी की जगह पीने के सर्वथा अयोग्य पानी बहने लगा है। भूकंप के तुरंत बाद बर्फ के गिरने से बसेरे छिन गए और लोगों को तंबुओं में ठंड से लड़ने को मजबूर होना पड़ा। तबाही का मंजर दिल दहला देने वाला था। प्रकृति पर विजय पाने की लालसा मनुष्य को हमेशा से महंगी पड़ी है। लेकिन प्रकृति तो मनुष्य पर विजय पाने की लालसा कभी भी नहीं रखती है। वह तो हमेशा देना ही चाहती है। वह समता का दृष्टिकोण रखती है। परंतु वह यह जरूर चाहती है कि उनके नियम, जो सैकड़ों-हजारों साल में बने हैं, वह बगैर समझदारी विकसित किए हुए पल में तोड़े नहीं जाएं। वह विकास का भी विरोध नहीं करती है। मगर वह यह तो ज़रूर चाहती है कि कोई भी विकास उसके तर्क को समझे बगैर न हो।
भू-गर्भ वैज्ञानिक बहुत समय से यह चेतावनी दे रहे थे कि हिमालय पर्वतमाला की गोद में बसे भारत, पाकिस्तान,बांग्लादेश, नेपाल, भूटान आदि देशों में कभी भी एक या इससे अधिक भूकंप आ सकते हैं। उनका मानना है कि भारत और तिब्बत के मध्य टेक्टोनिक प्लेटों के बीच भारी दबाव बन रहा है, जिससे पांच करोड़ आबादी बुरी तरह प्रभावित होगी। पिछली घटनाओं से सबक लेकर हमने आगे की तैयारी नहीं की। हमने बहुमंजिली इमारतों के बनने पर रोक नहीं लगाई। मकानों में भूकंप रोधी तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया। बड़े बांध बनने से नहीं रोके और भूकंप आने की जानकारी हमें पहले से हो जाए, इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। दरअसल ऐसी अनदेखी केवल भारत में ही नहीं बल्कि ज्यादातर जगहों पर की गई है।  तर्क जुटाते हैं परंतु रामायण की एक कथा को समझने की कोशिश करें तो संभव है सारे तर्कों के उत्तर आप ही आप मिल जाएंगे। रामायण की कथा के अनुसार 'शिव के धनुष' की महिमा अपर्ंपार थी। उनका धनुष'पिनाक' इतना मजबूत था कि उसे तोड़ने के लिए योद्धाओं को ललकारा गया। तोड़ना तो दूर उसे कोई हिला भी नहीं पा रहा था। रामचंद्र जी ने उसे एक झटके में तोड़ दिया था। कथा  का तात्पर्य यह है कि सारी समस्याओं से लड़ने की योजना बना ली है ऐसे तर्क देने वाले को प्रकृति की शक्ति का अंदाज अपने हिसाब से नहीं बल्कि प्रकृति के बनाए नियमों को सावधानीपूर्वक जांच-परख कर लगानी चाहिए। स्थायी विकास की शर्त यह है कि प्रकृति के साथ साहचर्य बिठाकर चलने से ही खतरों को टाला जा सकता है।