बुधवार, 8 अप्रैल 2015

घरेलू हिंसा ओर महिला

महिला के संदर्भ मे मेरी कलम कुछ ज्यादा चलती है ! न जाने क्यू खुद अनभिज्ञ हु पर अपने विचारो को आप तक व  समस्त पाठको व  जन जन पहुचाने का एक माध्यम जो मुझे मिला है ! सदुपयोग करता हु-- 
        बेहतर जिंदगी और श्रेष्ठ समाज के लिए सबसे जरूरी चीज है संवेदना । संवेदना यानी दूसरे की वेदना को खुद भी महसूस कर पाना । संवेदना ही मनुष्यता को विस्तार देती है । पारिवारिक सदस्यों में परस्पर संवेदनशीलता जितनी ज्यादा होगी, रिश्ते उतने ही गहरे और मजबूत होंगे । मनुष्य संवेदनशील हो, परिवार संवेदनशील हो और समाज संवेदनशील हो, तो काफी कुछ परेशानियां और दुख अपने आप खत्म हो जाएंगे । लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं है । घरेलू हिंसा को लेकर काफी  सर्वेक्षण होता है, उसमे  परिवारों खास तौर से पति-पत्नी के रिश्तों में पैदा हो रही संवेदनशीलता की बड़ी खौफनाक तस्वीर सामने आती है ।वर्ष २००५  में बने घरेलू हिंसा निवारण अधिनियम को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक सर्वे कराया । इस सर्वे के मुताबिक कोई भी राज्य ऐसा नहीं है, जहां घरेलू हिंसा से संबंधित मामले सामने नहीं आए हों । घरेलू हिंसा के आंकड़े हमेशा नए नए  सामने आ रहे है  । आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी घरेलू हिंसा से संबंधित काफी मामले दर्ज हुए हैं ।घरेलू हिंसा कोई नई नहीं है । सदियों से यह भारतीय समाज में प्रचलित है । घर की चारदीवारी में कैद महिलाएं तमाम जुल्म और ज्यादतियो  को चुपचाप सह जाती हैं । वह इसे अपने जीवन की नियति मान लेती हैं । मारपीट करने वाला पति उनके लिए देवता बना रहता है ओर वह  हर करवा चोथ पर अपने पति की लंबी उम्र की दुआ मांगती है !   इन स्थितियों के बीच क्यों घरेलू हिंसा निवारण अधिनियम की जरूरत पड़ी ? दरअसल वक्त बदल रहा है । पहले महिलाएं इसलिए जुल्म सहती थीं क्योंकि उनका आर्थिक आधार होता ही नहीं था । पति की उनकी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने का माध्यम था । अब महिलाएं स्वाबलंबी हो रही हैं । खुद अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं तो फिर क्यों पति का जुल्म बरदाश्त करें ? पहले शिक्षित लड़कियों और महिलाओं की संख्या कम थी ? लड़कियों को बाहर जाकर पढऩे लिखने की आजादी बहुत कम थी ।   अशिक्षा उनके आत्मविश्वास को इतना कमजोर कर देती थी कि वह कोई आवाज ही नहीं उठा पाती थीं । पति का जुल्म भी इसीलिए चुपचाप बर्दाश्त करती थीं ।अब लड़कियों और महिलाओं की जिंदगी में व्यापक बदलाव आ रहा है । वह पढ़ाई के लिए मनपसंद स्कूल-कालेजों में जा रही हैं व आज लडकीया बाहर भी जाती है व विदेशो मे भी पढऩे लिखने के जा रही है !घर की दहलीज लांघकर नौकरी करने के लिए बाहर निकल रही हैं । आर्थिक रूप से भी मजबूत हो रही हैं। ऐसे में वह घरेलू हिंसा को क्यों सहन करें ?गहराई से विचार करें तो पता चलेगा कि घरेलू हिंसा के मामलों का दर्ज होना अच्छा भी है और खराब भी । अच्छा इसलिए क्योंकि यह महिलाओं के साहस का भी प्रतीक है कि वह पति की ज्यादतियों का प्रतिकार कर रही हैं  अपने हक की लड़ाई के लिए आवाज बुलंद कर रही हैं । खराब इसलिए कि तमाम   सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के बाद भी घरों के अंदर ही अच्छा माहौल नहीं बन पा रहा। महिलाओं को यथोचित सम्मान नहीं मिल पा रहा । इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं घरेलू हिंसा का शिकार हो रही हैं। वह हिंसा जो महिला के तन को ही नहीं मन को भी घायल कर देती है । सभ्य समाज के लिए घरेलू हिंसा कलंक की ही तरह है। इसे रोकने के लिए गंभीरता से प्रयास होने चाहिए ।
उत्तम जैन ( विद्रोही) 
12/01/2015

मंगलवार, 7 अप्रैल 2015

ओरत...एक नजर मे

औरत.. शब्द एक अनसुलझी व इश्वर की एक अनमोल रचना भी  है. वैसे तो इश्वर की हर रचना नायाब और अद्वितीय है पर इश्वर की यह रचना अतुलनीय है. बचपन से  मेरा मन इनकी और खिचता था. कुछ गलत मत सोचियेगा, बस लगता था कुछ तो खास है इनमे जो हर तरफ इनका ही जलवा है हर तरफ इन्ही की चर्चा है. जैसे जैसे बड़ा होता गया बहुत कुछ जानने लगा इनके बारे में. जितना जाना मैंने, उतना ही उलझता चला गया. मेरा ज्यादा लेख व विचार इसी  प्रकृति पर लिखा गया है और हमेशा प्रयास रहता है इन्हें जानने का.पूरी तरह तो न जान पाया न जान पाऊँगा फिर भी कोशिश करता हु  
अकेला जब भी  बैठता हु  तो शायद ही कोई ऐसा दिन बीता होगा जिसमे मेरे मानस पटल पर  चर्चा का विषय नहीं रहा हो . सही बताऊ कभी कभी लगता था की अगर इश्वरने इनकी रचना नहीं की होती तो तबाही आ जाती. तबाही आती या नहीं आती हम बिलकुल खाली या यू कहे की बिना किसी मकसद के जीते, कम से कम अपना समय इनकी बातें कर के काट तो लेते थे.
आज वक़्त इतना गन्दा आ गया है की हर दूसरा इंसान गन्दा बन गया है किसी न किसी लालच में. जब कोई मर्द महिलाओं के बारे में सोचता है तो वो ये क्यों भूल जाता है की उसके घर में भी महिला है और दुसरे भी उनको उसी नज़र से देख सकते है. वो क्यों भूल जाता है कि औरत का एक रूप सिर्फ वो औरत नहीं जिसे वो गन्दी नज़र से देख रहा है बल्कि माँ, बहन और पत्नी भी है जिनके बगैर मर्द एक कदम नहीं चल सकता.
लोगो को याद है की महात्मा गाँधी ने देश के लिए बड़ी क़ुरबानी दी पर ये भूल जाते है मोहन दास करमचंद गाँधी को महात्मा कस्तूरबा ने बनाया लोग भूल जाते है गाँधी से ज्यादा बलिदान और त्याग कस्तूरबा ने किया जो न सिर्फ उनके घर को उनके अनुपस्थिति में संभाली वरन उनका हर नाजुक वक़्त पर साथ भी दी.
ऐसे लोगो को क्यों याद नहीं रहता कि किसी से भी बढ़ कर औरतो ने समाज कल्याण का काम किया है उदहारण के तौर पर आप मदर टेरेसा, इन्दिरा गांधी  को ही ले लीजिये. उदहारण और मिल जायेंगे अगर पुरूष अपने अहम् से बहार निकल कर देखेगा तो.
कुछ लोगो ने यहाँ तक कहा कि अरे भाई महापुरूष होते है पर महानारी सुना है? “औरतों की क्या औकात यार कि कोई बड़ा काम ये कर पाए”.मजाक में जीने वाले इंसान हर चीज का मजाक ही बनाते है पर अज्ञानी को ये पता नहीं होता सच मरता नहीं कभी ज्ञान के प्रकाश को कोई अँधेरा नहीं निगल सकता. जितने महापुरूष का नाम आप जानते है वो महापुरूष नहीं होते अगर इनसे जुडी महिलाओ ने इनसे बढ़ कर अपने स्वार्थो का त्याग नहीं किया होता तो. आखिर महापुरूष भी किसी महिला के कोख से ही पैदा होते है आम आदमी की तरह. हमे नहीं भूलना चाहिए नारी जननी है. आज भारतीय समाज जीवित है तो इसमें मर्दों से कई गुना ज्यादा श्रेय इन महिलाओं को जाता है जो हर जगह छोटे या बड़े स्वार्थो की पूर्ती के लिए उपयोग की जाती है. यही नहीं सारे अत्याचार इन्ही पर होते है और फिर भी इनकी सहनशीलता तो देखिये आज भी मुह बंद किये और नज़रे झुकाए जी रही है और राष्ट्र निर्माण का महान कार्य कर रही है. हे महिलाओं मैं अपनी हर भूल की माफ़ी तुमसे मांगता हूँ और तुम्हारे इन त्याग और निस्वार्थ जीवन को शत शत नमन करता हूँ. मैं तुमसे तुम्हारी औकात नहीं पूछूँगा क्युकी मैं जान गया हूँ तुम क्या हो? शांत रही तो तुम्ही लक्ष्मी तुम्ही रिधि सीधी हो और अशांत हुई तो तुम ही काली दुर्गा हो……
उत्तम जैन ( विद्रोही)

31/03/2015  

कन्या भ्रुण हत्या से कोनसी स्थिति की तरफ बढ़ रहा है - समाज

जब देश के बुद्धिजीवी किसी समस्या को लेकर आवाज उठाते हैं तब उसे हम समस्या नहीं बल्कि समस्याओं या सामाजिक विकारों का परिणाम मानते हैं। लड़कियों के विरुद्ध अपराधों की बाढ़ आ गयी है और कुछ बुद्धिजीवी  इसे समस्या मानकर इसे रोकने के लिये सरकार की नाकामी मानते  हैं। क्योंकि मे  तो इसे कन्या भ्रुण हत्या के फैशन के चलते समाज में लिंग असंतुलन की समस्या से उपजा परिणाम मानता  है। लड़की की एकतरफ प्यार में हत्या हो या बलात्कार कर उसे तबाह करने की घटना, समाज में लड़कियों की खतरनाक होती जा रही हैं। इस पर चिंता करने वाले कन्या भ्रूण हत्या के परिणामों को अनदेखा करते हैं।
        इस देश में गर्भ में कन्या की हत्या करने का सिलसिला आज का नही काफी  पुराना हो गया है। यह शुरुआत  तब प्रारंभ हुई  जब देश के गर्भ में भ्रुण की पहचान कर सकने वाली ‘अल्ट्रासाउंड मशीन’ का चिकित्सकीय उपयोग प्रारंभ हुआ। दरअसल पश्चिम के वैज्ञानिकों ने इसका अविष्कार गर्भ में पल रहे बच्चे तथा अन्य लोगों पेट के दोषों की पहचान कर उसका इलाज करने की नीयत से किया था। भारत के भी निजी चिकित्सकालयों में भी यही उद्देश्य कहते हुए इस मशीन की स्थापना की गयी। यह बुरा नहीं था पर जिस तरह इसका दुरुपयोग गर्भ में बच्चे का लिंग परीक्षण कराकर कन्या भ्रुण हत्या का फैशन प्रारंभ हुआ उसने समाज में लिंग अनुपात की  स्थिति को बहुत बिगाड़ दिया। फैशन शब्द से शायद कुछ लोगों को आपत्ति हो पर सच यह है कि हम अपने धर्म और संस्कृति में माता, पिता तथा संतानों के मधुर रिश्तों की बात भले ही करें पर कहीं न कहीं भौतिक तथा सामाजिक आवश्यकताओं की वजह से उनमें जो कृत्रिमता है उसे भी देखा जाना चाहिए। अनेक ज्ञानी लोग तो अपने समाज के बारे में साफ कहते हैं कि लोग अपने बच्चों को हथियार की तरह उपयोग करना चाहते हैं जैसे कि स्वयं अपने माता पिता के हाथों हुए। मतलब दैहिक रिश्तों में धर्म या संस्कृति का तत्व देखना अपने आपको धोखा देना है। कहीं न कहीं अपने समाज के लेकर हम आत्ममुग्धता की स्थिति में जी रहे हैं।
           जब कन्या भ्रुण हत्या का फैशन की शुरुआत हुई तब से समाज में लड़कियों की संख्या कम हो रही है  तो उनके दावेदार लड़कों की संख्या अधिक होगी नतीजे में न केवल लड़कियों के प्रति बल्कि लड़कों में आपसी विवाद में हिंसा होगी। । दरअसल हमारे देश में व्याप्त दहेज प्रथा की वजह से लोग परेशान रहे हैं। कुछ आम लोग तो बड़े आशावादी ढंग से कह रहे थे कि ‘लड़कियों की संख्या कम होगी तो दहेज प्रथा स्वतः समाप्त हो जायेगी।’
                  कुछ लोगों के यहां पहले लड़की हुई तो वह यह सोचकर बेफिक्र हो गये कि कोई बात नहीं तब तक कन्या भ्रुण हत्या की वजह से दहेज प्रथा कम हो जायेगी। अलबत्ता वही दूसरे गर्भ में परीक्षण के दौरान लड़की होने का पता चलता तो उसे नष्ट करा देते थे। कथित सभ्य तथा मध्यम वर्गीय समाज में कितनी कन्या भ्रुण हत्यायें हुईं इसकी कोई जानकारी नहीं दे सकता। सब  दंपतियों के बारे में तो यह बात नहीं कहा जाना चाहिए पर जिनको पहली संतान के रूप में लड़की है और दूसरी के रूप में लड़का और दोनों के जन्म के बीच ज्यादा अंतर अधिक है तो यह शक जरूर पूस्ता होता है  कहीं न कंही कन्या भ्रुण हत्या हुई है !अब तो कई लड़किया जवान भी हो गयी होंगी जो पहली संतान के रूप में उस दौर में जन्मी थी जब कन्या भ्रुण हत्या के चलते दहेज प्रथा कम होने की आशा की जा रही थी। मतलब यह कि यह पच्चीस से तीस साल पूर्व से प्रारंभ  सिलसिला है और दहेज प्रथा खत्म होने का नाम नहीं ले रही। हम दहेज प्रथा समाप्ति की आशा भी कुछ इस तरह कर रहे थे कि शादी का संस्कार बाज़ार के नियम पर आधारित है यानि धर्म और संस्कार की बात एक दिखावे के लिये करते हैं। अगर लड़कियां कम होंगी तो अपने आप यह प्रथा कम हो जायेगी, पर यह हुआ है ओर न होगा यह मेरा सोचना है जो सत्य भी है ।
            इसका कारण यह है कि देश में आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ी है। मध्यम वर्ग के लोग अब निम्न मध्यम वर्ग में और निम्न मध्यम वर्ग के गरीब वर्ग में आ गये हैं पर सच कोई स्वीकार नहीं कर रहा। इस कारण लड़कों से रोजगार के अवसरों में भी आकर्षण शब्द गायब हो गया है। लड़कियों के लिये वर ढूंढना इसलिये भी कठिन है क्योंकि रोजगार के आकर्षक स्तर में कमी आई है। अपनी बेटी के लिये आकर्षक जीवन साथी  की तलाश करते पिता को अब भी भारी दहेज प्रथा में कोई राहत नहीं है। उल्टे शराब, अश्लील नृत्य, महंगे केटर्स, बरातों के स्वागत मे फिजूल खर्ची , महंगे रिसोर्ट मे शादी का आयोजन     तथा विवाहों में बिना मतलब के व्यय ने लड़कियों की शादी कराना एक मुसीबत बना दिया है। इसलिये योग्य वर और वधु का मेल कराना मुश्किल हो रहा है।
           फिर पहले किसी क्षेत्र में लड़कियां अधिक होती थी तो दीवाने लड़के एक नहीं  तो दूसरी को देखकर दिल बहला लेते थे। दूसरी नहीं तो तीसरी भी चल जाती। अब स्थिति यह है कि एक लड़की है तो दूसरी दिखती नहीं, सो मनचले और दीवाने लड़कों की नज़र उस पर लगी रहती है और कभी न कभी सब्र का बांध टूट जाता है और पुरुषत्व का अहंकार उनको हिंसक बना देता है। लड़कियों के प्रति बढ़ते अपराध कानून व्यवस्था या सरकार की नाकामी मानना एक सुविधाजनक स्थिति है और समाज के अपराध को दरकिनार करना एक गंभीर बहस से बचने का सरल उपाय भी है। समाज के कुछ अग्रणी जो बेईमानी या ईमानदारी चाहे केसे भी कमाकर सिर्फ समाज मे अपना स्तर ऊंचा बताने के लिए फिजूल व्यय करते है ! जिससे समाज की नजरों मे वाह वाही हो ! उन्हे मे समाज कंटक की उपाधि दे सकु तो कोई गलत नही होगा !  
हम जब स्त्री को अपने परिवार के पुरुष सदस्य से संरक्षित होकर राह पर चलने की बात करते हैं तो स्त्री को खुद की तोहीन लगती है उनको लगता है कि अकेली घूमना नारी का जन्मसिद्ध अधिकार है या स्वयं स्त्री को यह लगता है की हम पर यकीन नही । हकीकत यह है कि समाज अब नारियों के मामले में किस गर्त की  स्थिति में पहुंच रहा है। हम भी चुप नहीं  बैठ सकते क्योंकि जब नारियों के प्रति अपराध होता है तो मन द्रवित हो उठता है और लगता है कि समाज अपना अस्तित्व खोने को आतुर है।
            समाज में स्त्री को यथोचित स्थान  दिलाने के लिए स्वयं महिलाओं को  ऐसी बातों पर ध्यान देना होगा और वस्तुस्थिति को समझने का प्रयास करना होगा !www.vidrohiawaz.com
उत्तम जैन (विद्रोही ) 
06/04/2015 

सोमवार, 6 अप्रैल 2015

कन्या भ्रुण हत्या समस्या नहीं परिणाम है

देश में पुरुषों के मुकाबले स्त्रियों की कम होती संख्या चिंता का विषय है। यह चिंता होना भी चाहिये क्योंकि जब हम मानव समाज की बात करते हैं तो वह दोनों पर समान रूप से आधारित है। रिश्तों के नाम कुछ भी हों मगर स्त्री और पुरुष के बीच सामजंस्य के चलते ही परिवार चलता है और उसी से देश को आधार मिलता है। इस समय स्त्रियों की कमी का कारण ‘कन्या भ्रुण हत्या’ को माना जा रहा है जिसमें उसके जनक माता, पिता, दादा, दादी, नाना और नानी की सहमति शामिल होती है। यह संभव नहीं है कि कन्या भ्रुण हत्या में किसी नारी की सहमति न शामिल हो। संभव है कि नारीवादी कुछ लेखक इस पर आपत्ति करें पर यह सच नहीं बदल सकता क्योंकि हम अपने समाज की कुरीतियों, अंधविश्वासों और पाखंडों को अनदेखा नहीं कर सकते जिसमें स्त्री और पुरुष समान रूप से शामिल होते दिखते हैं।अनेक समाज सेवकों, संतों तथा बुद्धिजीवी निंरतर कन्या भ्रुण हत्या के विरुद्ध अभियान छेड़े हुए हैं-उनकी गतिविधियों की प्रशंसा करना चाहिये।मगर हमें यह बात भी देखना चाहिये कि ‘कन्या भ्रुण हत्या’ कोई समस्या नहीं बल्कि समाज में व्याप्त दहेज प्रथा तथा अन्य प्रकार की सामाजिक सोच का परिणाम है। ‘कन्या भ्रुण हत्या’ रोको जैसे नारे लगाने से यह काम रुकने वाला नहीं है भले ही कितनी ही राष्ट्रभक्ति या भगवान भक्ति की कसमें खिलाते रहें।
अनेक धार्मिक संत अपने प्रवचनों में भी यही मुद्दा उठा रहे हैं। अक्सर वह लोग कहते हैं कि ‘हमारे यहां नारी को देवी की तरह माना जाता है’।सवाल यह है कि वह किसे संबोधित कर रहे हैं-क्या उनमें नारियां नहीं हैं जो कहीं न कहीं इसके लिये किसी न किसी रिश्ते के रूप में शामिल होती हैं। दहेज प्रथा पर बहुत लिखा गया है। उस पर लिखकर कर विषय के अन्य पक्ष को अनदेखा करना व्यर्थ होगा। मुख्य बात है सोच की-----सर्वप्रथम नारी समाज को जागृत होना होगा !    
एक सलाह आपको देना चाहूँगा --क्योंक़ि कुछ दहेज़ से डरे लोग यही सोचते भी है तो कुछ बेटियों को बोझ समझ पैदा करने वाले भी सोचते है यह बोझ जितनी जल्दी उतारे अच्छा ," मेरी एक राय है क़ि बेटी का रिश्ता करना है है तो लड़का क्या करता है ,उसका ख़ानदान कैसा है क्या आदते है उसकी ये तो देखें ही पर इन सबसे जरुरी एक बात और देखें क़ि ससुराल में बेटी क़ि कोई ननद भी है क़ि नहीं कसम खा लीजिए जहाँ ननद नही है वहां बेटी का रिश्ता नहीं करेगे बस फिर सभी एक सुर में कहेंगे मुझे बेटी चाहिए क्योकि मुझे बहु भी चाहिए 

उत्तम जैन (विद्रोही) 
०५/०४/२०१५ 

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

भविष्य की हिंदी व उसका भविष्य

भारतवर्ष  में ‘भविष्य की हिंदी व हिंदी का भविष्य’ को लेकर बहुत सी परिचर्चाएं, गोष्ठियों व कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है।
अपनी भाषा को लेकर जो गर्व, जो उत्साह होना चाहिए उसकी हम भारतीयों में बहुत कमी है। हम हिंदी के ऩाम पर भाषणबाजी तो खूब करते हैं पर उतना श्रम और कर्म नहीं करते। हिंदी की सरकारी दावत तो खूब उड़ाई जाती है पर शिरोधार्य तो अँग्रेजी ही है।
हमारा नेता, हमारा लेखक और बुद्धिजीवी-वर्ग हिंदी की दुहाई तो बहुत देता है परन्तु अपने कुल-दीपकों को अँग्रेजी स्कूलों और विदेशों में ही शिक्षा दिलवाना चाहता है। ‘हाथी के दांत, खाने के और दिखाने के और।’
हमें अँग्रेजी बोलने, पढ़ने-लिखने और अँग्रेजियत दिखाने में अपना बड़प्पन दिखाई देता है किंतु सच तो यह है कि यह हमारी मानसिक हीनता ही है।
भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने स्वदेश-प्रेम, स्वभाषा और स्व-संस्कृति की गरिमा पर जोर देते हुए कहा है-
निज भाषा उन्नति अहै; सब उन्नति को मूल।
बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल।।
अँग्रेजी पढ़ि के जदपि, सब गुन होत प्रविन।
पै निज भाषा-ज्ञान बिन, रहत हीन के हीन।।
अँग्रेजी पढ़िए, जितनी और अधिक भाषाएं सीख सकें सीखें किंतु अपनी भाषा को हीन करके या बिसराने की कीमत पर कदापि नहीं। आज हिन्दी मे  स्वर जो आते है किसी अन्य भाषा मे नही हिन्दी हमारी राष्ट्रीय भाषा है ! हिन्दी अपनाओ ! हिंदुस्तान बचाओ!
 

पानी बचाने के संकल्प

पानी के महत्व को समझना  और पानी के संरक्षण के विषय में समय रहते सचेत होना आवश्यक है   । आँकड़े बताते हैं कि विश्व के 1.4 अरब लोगों को पीने का शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है।
प्रकृति जीवनदायी सम्पदा जल हमें एक चक्र के रूप में प्रदान करती है, हम भी इस चक्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। चक्र को गतिमान रखना हमारी जिम्मेदारी है, चक्र के थमने का अर्थ है हमारे जीवन का थम जाना। प्रकृति के खजाने से हम जितना पानी लेते हैं, उसे वापस भी हमें ही लौटाना है। हम स्वयं पानी का निर्माण नहीं कर सकते अतः प्राकृतिक संसाधनों को दूषित न होने दें और पानी को व्यर्थ न गवाएँ यह प्रण लेना  बहुत आवश्यक है। जब हम वर्षा का पानी अधिक से अधिक बचाने की कोशिश करें। बारिश की एक-एक बून्द कीमती है। इन्हें सहेजना बहुत ही आवश्यक है। यदि अभी पानी नहीं सहेजा गया तो सम्भव है पानी केवल हमारी आँखों में ही बच पाएगा। पहले कहा गया था कि हमारा देश वह देश है जिसकी गोदी में हजारों नदियाँ खेलती थी, आज वे नदियाँ हजार में से केवल सैकड़ों में ही बची हैं। कहाँ गई वे नदियाँ कोई नहीं बता सकता। नदियों की बात छोड़ दो, हमारे गाँव-मोहल्लों में तालाब आज गायब हो गए हैं, इनके रख-रखाव और संरक्षण के विषय में बहुत कम कार्य किया गया है।
पानी का महत्व भारत के लिए कितना है यह हम इसी बात से जान सकते हैं कि हमारी भाषा में पानी के कितने अधिक मुहावरे हैं। आज पानी की स्थिति देखकर हमारे चेहरों का पानी तो उतर ही गया है, मरने के लिए भी अब चुल्लू भर पानी भी नहीं बचा, अब तो शर्म से चेहरा भी पानी-पानी नहीं होता। हमने बहुतों को पानी पिलाया, पर अब पानी हमें रुलाएगा, यह तय है। सोचों तो वह रोना कैसा होगा, जब हमारी आँखों में ही पानी नहीं रहेगा? वह दिन दूर नहीं, जब सारा पानी हमारी आँखों के सामने से बह जाएगा और हम कुछ नहीं कर पाएँगे।
लेकिन कहना है कि आस का दामन कभी नहीं छूटना चाहिए तो ईश्वर से यही कामना है कि वह दिन कभी न आए जब इंसान को पानी की कमी हो। विज्ञान और पर्यावरण के ज्ञान से मानव में जो प्रगति की है उसे प्रकृति संरक्षण में लगाना भी जरूरी है।  हमे  वर्षा जल संरक्षण कर जो मिसाल कायम करनी  है उसे सारे देश में विकसित करने की आवश्यकता है। सरकार को चाहिए कि हर जिले की ‘फसल ऑडिट’ कराए। जिले में उपलब्ध पानी को देखते हुए पानी की अधिक खपत करने वाली फसलों पर प्रतिबन्ध लगा देना चाहिए। गुलबर्गा में रागी, जोधपुर में बाजरा और उत्तर प्रदेश में चावल और गेहूँ की खेती करने से हमारे जल संसाधन सुरक्षित रहेंगे और देश की खाद्य सुरक्षा स्थापित होगी। रागी और बाजरा खाने से जनता का स्वास्थ्य भी अच्छा होगा।  पानी और समय हाथ से जाता है तो फिर वापस नहीं आता है। इसलिए पानी और समय दोनों को हमें बचाना है। आज ही आप प्रण ले ओर पानी बचाए 

प्रकृति की उदारता आपका अधिकार नही

कहीं तूफानी वर्षा हो रही है, तो कंही ओले गिर रहे है ! कभी भूकम्प का अकल्पित ताण्डव नृत्य हो रहा है, कभी भयंकर वर्षा तो कभी सूखा पड़ रहा है। ये उदाहरण सिद्ध करते हैं कि जलवायु परिवर्तन की प्रक्रिया सक्रिय है। क्या प्रवृत्ति के परिवर्तन को रोकना सम्भव है? 
बढ़ता ताप व जलवायु परिवर्तन मनुष्य को हिंसक बना रहा है। प्रश्न यह है कि मानव को हिंसक बनाने में यदि जलवायु परिवर्तन का हाथ है तो जलवायु परिवर्तन के लिए उत्तरदायी कौन है? शरीर विज्ञान के अनुसार यदि शरीर को स्वस्थ रखना है तो उसकी मूलभूत पौष्टिक जरूरतों की प्रतिपूर्ति आवश्यक है। 
कई ऐसे युवा मिलेंगे जो अपनी नई उम्र में ही बुढ़ापे जैसी स्थिति में पहुँच जाते हैं। स्वस्थ शरीर के लिए संयम व नियमित दिनचर्या आवश्यक है। ठीक वैसे ही प्रकृति के साथ मानव को सन्तुलित व्यवहार करना आवश्यक है। वस्तुतः मानव प्रकृति का ही एक अनुपम घटक है जो मौलिक रूप से स्वतन्त्र अस्तित्व रखता है किन्तु भौतिक स्वरूप प्रकृति सापेक्ष होने के कारण परस्पर प्रभावित होते हैं। 

मानव अपने शरीर के प्राकृतिक संसाधनों को उपयोग किस ढंग से करता है, उससे उसकी स्थिति पर प्रभाव पड़ता है। महात्मा गाँधी ने कहा था कि प्रकृति के पास मानव की आवश्यकता पूर्ति की क्षमता है किन्तु उसकी तृष्णा की नहीं।

प्रकृति की उदारता को यदि हम अपना अधिकार समझकर उसका उपयोग या उपभोग करने लगें, तो विकृति फैलना स्वाभाविक है। यदि उसकी उदारता को सभी के कल्याण का साधन मानने लगें तो उसके प्रति शोषणवृत्ति समाप्त होगी और प्रकृति के साथ  सन्तुलन सहज हो जाएगा।

वस्तुतः यह सृष्टि सेवा रूप है और मानव सर्वाधिक विकसित व विवेक सम्मत पर्यावरणीय घटक है। प्रकृति में सभी कुछ पारस्परिक हैं। मानव के शरीर व मन के दूषित होने पर उसका दुष्प्रभाव अन्य पर पड़ सकता है। जैसी दृष्टि होगी वैसी ही सृष्टि दिखलाई देगी। 

प्रकृति से प्राप्त हर वस्तु व पदार्थ पर मानव अपना अधिकार समझने लगता है किन्तु उसकी सीमाओं की अनदेखी कर देता है। जल पर मानव अपना अधिकार मानता है किन्तु उसकी उपलब्धता व स्वच्छता के बारे में सोचना नहीं चाहता। आज दुनिया में कई स्थानों पर पानी को लेकर संघर्ष की स्थिति बन चुकी है। रासायनिक कल-कारखानों, बूचड़खानों से उत्सर्जिंत पानी बहकर नदियों में चला जाता है, जिससे वे प्रदूषित हो जाती हैं। यह मानवीय भूल है।

इसी प्रकार वायुमण्डल व भूमि को मानव प्रदूषित करने में लगा है। रेफ्रिजरेटरों, चिमनियों व वाहनों से निकलने वाली क्लोरो फलोरो कार्बन व अन्य ग्रीन हाउस गैसें वायुमण्डल की ओजोन पर्त को निरन्तर क्षति पहुँचा रही हैं। ओजोन पर्त में सीएफसी गैस के अत्यधिक उत्सर्जन के कारण छिद्र का आकार बढ़ता जा रहा है। मानव ने मिट्टी को विभिन्न रासायनिक उर्वरक व कृत्रिम खादों से पाट दिया है। जमीन की गुणवत्ता समाप्त हो रही है। 

फसलों व सब्जियों में विषैले तत्व पाए गए हैं जिनके सेवन से अन्ततः मानवीय स्वास्थ्य बिगड़ जाता है और न केवल मानव अपितु अन्य जीव-जन्तुओं का जीवन भी खतरे में पड़ जाता है। गिद्ध व अन्य पक्षी विलुप्ति के कगार पर पहुँच गए हैं। आक्सीजन प्रदान करने वाले पेड़-पौधों की संख्या वन-विनाश व शहरीकरण के कारण चिन्ताजनक रूप से कम हुई है। मानव समाज के सन्तुलित पर्यावरण के लिए लगभग 33 प्रतिशत वन होना आवश्यक है !वनों में विचरते शेर, हिरण, चीता, भालू, हाथी आदि जानवर तथा विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का संसार सिमटता जा रहा है। वे जाएँ तो जाएँ कहाँ? मानव ही उनका परम शत्रु है। खरगोश व हिरण दुर्लभ होते जा रहे है। पर्यावरण सन्तुलन बनाए रखने में उपयोगी जंगली जानवर का अस्तित्व खतरे में है। भूमि की उर्वरा शक्ति को जीवित रखने वाले ‘केंचुए‘ रासायनिक प्रभाव से नष्टप्रायः हो गए हैं।सामान्यतया प्रकृति की हलचल को कोई रोक नहीं सकता। परन्तु मानवकृत परिस्थितियों ने जिस प्रकार जलवायु परिवर्तन की चुनौती खड़ी की है, उसमें उसी को सार्थक भूमिका निभानी होगी ताकि उसके दुष्प्रभाव से स्वयं मानव समाज व शेष सृष्टि को बचाया जा सके। प्रकृति के गूढ़ रहस्य मानव बाह्य साधनों से पूर्णतया हल नहीं कर सकता।

क्‍यों किसी गाड़ी पर प्रेस लिखा होना चाहिए


यदि देश भर में यह सर्वेक्षण किया जाए कि दो चक्कों और चार चक्कों वाली गाड़ियों पर सबसे अधिक कौन सा स्टीकर चिपकाया गया होता है? मेरा विश्वास है कि सबसे आगे ‘प्रेस’ ही होगा। गांवों, कस्बो, शहर और महानगर तक में आपकों बड़ी छोटी गाड़ियों पर प्रेस लिखी गाड़ियां आसानी से मिल  जाएंगी। कुछ लोग अपनी गाड़ी पर प्रेस लिखवाने के लिए और प्रेस लिखा परिचय पत्र पाने के लिए पैसा खर्च करने को भी तैयार होते हैं। बहुत सी  संस्था पांच सौ-हजार रुपए लेकर छह महीने-साल भर के लिए प्रेस परिचय पत्र जारी करती थी। यदि महीने में उसने पच्चीस-तीस लोगों का परिचय पत्र भी बनाया तो उसके महीने की आमदनी हो गई पन्द्रह से तीस हजार रुपए की। खैर, यहां मेरा उद्देश्य उनकी आमदनी पर बात करना नहीं है। मैं सिर्फ इतना समझना चाहता हूं कि अपनी गाड़ी पर प्रेस लिखने की ऐसी कौन सी अनिवार्यता है, जो प्रेस लिखे बिना पूरी नहीं होती।
क्यों किसी गाड़ी पर ‘प्रेस’ लिखा होना चाहिए? क्या आज किसी गाड़ी पर आपने पलम्बर, हेयर डिजायनर, एक्टर, सिंगर लिखा देखा है? सिर्फ प्रेस और पुलिस जैसे कुछ पेशे वाले ही अपनी गाड़ी पर अपना परिचय लिखवाते हैं। कुछ सालों से विधायक, सांसद, जिला पार्षद लिखने की परंपरा भी शुरु हुई है। क्या यह स्टीकर सिर्फ रोड़ पर मौजूद दूसरे लोगों पर धौंस जमाने के लिए होता है। या इसकी दूसरी भी कोई उपयोगिता है। किसी गाड़ी पर एम्बुलेन्स लिखा हो तो समझ में आता है। चूंकि एम्बुलेन्स के साथ कई लोगों की जिन्दगी और मौत जुड़ी होती है। यह मामला फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ भी जुड़ा है।
वैसे कुछ पत्रकार मित्र यह भी कहेंगे कि रिपोर्टिंग के लिए जाते समय वे किसी बेवजह के पचड़े में ना पड़ें इसलिए वे अपनी गाड़ी पर प्रेस का स्टीकर लगाते हैं। वरना रिपोर्टिंग के दौरान वे बेवजह देर होंगे। यह सच भी है कि एक पत्रकार अपने पाठकों और दर्शकों के प्रति जिम्मेवार होता है। उस तक खबर सही समय पर पहुंचे यह उसकी जिम्मेवारी होती है। वास्तव में विरोध प्रेस के स्टीकर से नहीं है। विरोध है, उसके दुरुपयोग से। जो लोग इस स्टीकर का बेजा इस्तेमाल करते हैं उनसे।
वास्तव में प्रेस के स्टीकर के साथ यह अनिवार्य किया जाना चाहिए कि व्यक्ति उस संस्था का नाम भी साथ में जरुर लिखे, जहां से वह ताल्लुक रखता है। या फिर इस तरह के नियम बनने चाहिए कि प्रेस लिखा स्टीकर अपने पत्रकारों के लिए संस्थान ही जारी करें। इससे सड़क पर प्रेस स्टीकर की अराजकता कम होगी। इसी प्रकार अपने व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए खरीदी गई गाड़ी पर कोई व्यक्ति पुलिस का स्टीकर लगा रहा है? तो यह समझने की बात है कि इसके पीछे उसका क्या उद्देश्य हो सकता है? इस तरह की वास्तव में कुछ नीति बननी चाहिए। मे स्वयं एक समाचार पत्र का  प्रधान संपादक होने के बावजूद दुपहिया वाहन जिसे  दिन मे  सबसे ज्यादा उपयोग लेता हु उस पर आज भी प्रैस का लिखा स्टिकर नही लगाया ! हा मेरे चार पहिये वाली गाड़ी जिसे मे सिर्फ अपने समाचार पत्र के लिए ज़्यादातर उपयोग करता हु छोटे अक्षरो मे जरूर प्रैस के साथ प्रधान संपादक विद्रोही आवाज जरूर लिखा है      
उत्तम जैन ( विद्रोही )
प्रधान संपादक

विद्रोही आवाज़ 

शुक्रवार, 3 अप्रैल 2015

प्रकृति ओर मनुष्य --- उत्तम जैन (विद्रोही )

मनुष्य सदियों से प्रकृति की गोद में फलता-फूलता रहा है! मानव और प्रकृति के बीच बहुत गहरा सम्बन्ध है। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। मानव अपनी भावाभिव्यक्ति के लिए प्रकृति की ओर देखता है और उसकी सौन्दर्यमयी बलवती जिज्ञासा प्रकृति सौन्दर्य से विमुग्ध होकर प्रकृति में भी सचेत सत्ता का अनुभव करने लगती है। हमारे धार्मिक ग्रंथ, ऋषि-मुनियों की वाणियाँ, कवि की काव्य रचनाएँ, सन्तों-साधुओं के अमृत वचन सभी प्रकृति की महत्ता से भरी पड़ी है। विश्व की लगभग सारी सभ्यता का विकास प्रकृति की ही गोद में हुआ और तब इसी से मनुष्य के रागात्मक सम्बन्ध भी स्थापित हुए, किन्तु कालान्तर में हमारी प्रकृति से दूरी बढ़ती गई। इसके फलस्वरूप विघटनकारी रूप भी सामने आए। तभी तो प्रकृति की महत्ता को बतलाते हुए कहा गया है- सौ पुत्र एक वृक्ष समान। प्रकृति के संरक्षण का हम अथर्ववेद में शपथ खाते हैं- "हे धरती माँ, जो कुछ भी तुमसे लूँगा, वह उतना ही होगा जितना तू पुनः पैदा कर सके। तेरे मर्मस्थल पर या तेरी जीवन शक्ति पर कभी आघात नहीं करूँगा।" मनुष्य जब तक प्रकृति के साथ किए गए इस वादे पर कायम रहा सुखी और सम्पन्न रहा, किन्तु जैसे ही इसका अतिक्रमण हुआ, प्रकृति के विध्वंसकारी और विघटनकारी रूप उभर कर सामने आए। सैलाब और भूकम्प आया। पर्यावरण में विषैली गैसें घुलीं। मनुष्य का आयु कम हुआ। धरती एक-एक बूँद पानी के लिए तरसने लगी, लेकिन यह वैश्विक तपन हमारे लिए चिन्ता का विषय नहीं बना। तापमान में बढ़ोत्तरी के कारण दुनिया भर में ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं। हमारे यहाँ प्रतिवर्ष 15 लाख हेक्टेयर वन नष्ट हो रहे हैं, जबकि प्रतिवर्ष वन लगाने की अधिकतम सीमा 3 लाख 26 हजार हेक्टेयर है। यही हाल रहा तो आगामी कुछ दशकों में हमारी धरती वन विहीन हो जाएगी। जब पाप अधिक बढ़ता है तो धरती काँपने लगती है। यह भी कहा गया है कि धरती घर का आंगन है, आसमान छत है, सूर्य-चन्द्र ज्योति देने वाले दीपक हैं, महासागर पानी के मटके हैं और पेड़-पौधे आहार के साधन हैं। हमारा प्रकृति के साथ किया गया वादा है- वह जंगल को नहीं उजाड़ेगा, प्रकृति से अनावश्यक खिलवाड़ नहीं करेगा, ऐसी फसलें नहीं उगाएगा जो तलातल का पानी सोख लेती है, बात-बेबात पहाड़ों की कटाई नहीं करेगा। याद रखिए, प्रकृति किसी के साथ भेदभाव या पक्षपात नहीं करती। इसके द्वार सबके लिए समान रूप से खुले हैं, लेकिन जब हम प्रकृति से अनावश्यक खिलवाड़ करते हैं तब उसका गुस्सा भूकम्प, सूखा, बाढ़, सैलाब, तूफान की शक्ल में आता है, फिर लोग काल के गाल में समा जाते हैं। प्रकृति ईश्वर की शक्ति का क्षेत्र है और जीवात्मा उसके प्रेम का क्षेत्र। प्रकृति की इसी महत्ता को प्रतिस्थापित करते हुए एक कथन है कि जो मनुष्य सड़क के किनारे तथा जलाशयों के तट पर वृक्ष लगाता है, वह स्वर्ग में उतने ही वर्षों तक फलता-फूलता है, जितने वर्षों तक वह वृक्ष फलता-फूलता है। इसी कारण हमारे यहाँ वृक्ष पूजन की सनातन परम्परा रही है। यही पेड़ फलों के भार से झुककर हमें शील और विनम्रता का पाठ पढ़ाते हैं साहित्य में आदर्शवाद का वही स्थान है जो जीवन में प्रकृति का है। प्रकृति से मनुष्य का सम्बन्ध अलगाव का नहीं है, प्रेम उसका क्षेत्र है। सचमुच प्रकृति से प्रेम हमें उन्नति की ओर ले जाता है और इससे अलगाव हमारे अधोगति के कारण बनते हैं। एक कहावत भी है- कर भला तो हो भला।
उत्तम जैन (विद्रोही )
04/04/2015 10.45 am